उत्तर प्रदेश २०१४ चुनाव परिणाम - कुण्डलिया

नेता जी मुलायम हैं, बहिना माया शून्य।
काँग्रेस युवराज विकल, व्यर्थ हुआ तारुण्य॥
व्यर्थ हुआ तारुण्य, बस माँ-पूत ही जीते।
हुआ रुण्य दोआब, राज के सपने रीते॥
मुरझाये अरविन्द, बनारस वोट न देता।
खिला कमल चहुँ ओर, चुना मोदी को नेता॥

१९ मई २०१४
बंगलौर

[कुण्डलिया छंद]

नेता जी : समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह का उपनाम (nickname)
मुलायम : नरम, soft
बहिन जी : बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायवती का उपनाम (nickname)
बहिना : बहिन, बहन, sister
युवराज : उत्तराधिकारी राजकुमार, crown prince
विकल : अधीर, आकुल, nervous
व्यर्थ : बेकार, निष्फल, waste
तारुण्य : तरूण होने की अवस्था, यौवन, youth
माँ-पूत : माँ-पुत्र, माँ-बेटा (रानी माँ सोनिया और युवराज राहुल)
रुण्य : मरुस्थल, desert
दोआब : दो नदियों के बीच का उपजाऊ (fertile) क्षेत्र (आब: पानी, नदी), जैसे उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना का दोआब
रीता : रिक्त, खाली, empty
अरविन्द : कमल, 'आप' प्रमुख अरविन्द केजरीवाल
कमल : lotus, भाजपा का चुनाव चिन्ह
मोदी : भाजपा नेता नरेंद्र मोदी जो बनारस से चुनाव जीते

उत्तर प्रदेश २०१४ चुनाव परिणाम (८० सीट):
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) : ७१
काँग्रेस : २ (सोनिया और राहुल के अलावा सभी प्रत्याशी हारे)
समाजवादी पार्टी (सपा) : ५ (मुलायम सिंह के रिश्तेदारों के अलावा सभी प्रत्याशी हारे)
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) : शून्य (सभी प्रत्याशी हारे)
आम आदमी पार्टी (आप) : शून्य (बनारस से 'आप' प्रमुख अरविन्द केजरीवाल सहित सभी प्रत्याशी हारे)
अपना दल (भाजपा गठबंधन) : २