सजदे में सर न झुका

सजदे में सर न झुका, खता और क्या है?
खुदा दिल में, काबे का पता और क्या है?

क्यों चाह हो कि कायनात हो चाहत की?
जश्न-ए-इश्क हयात, चाहता और क्या है?

अक्स-ए-जफ़ा से मुख़ातिब कर दिया तूने,
ऐ आईने! जेहन में बता और क्या है?

कुछ दाग भरे दामन में और भी भर दे,
दी माज़ी ने दुआ, माँगता और क्या है?

बे-सिर-पैर अहमक तकादे ही क़ासिद?
लिखा ख़त में पैगाम बता और क्या है?

तल्ख़-ओ-तंज जुमले कस, न रोक खुद को,
तू भी ले जी भर के सता, और क्या है?

"बेसबब" ख्वाब थे दाद मिले दुनिया से,
मिली मलामत, मुगालता और क्या है?

२२ फरवरी २०१४
बंगलौर


सजदा : प्रार्थना, prayer
खता : गलती, mistake
काबा : मक्का में पवित्र मसजिद जहाँ मुस्लिम हज को जाते हैं, Kaaba
पता : ठिकाना, address
कायनात : विश्व, ब्रह्माण्ड, Universe
जश्न : उत्सव, celebration
इश्क : प्रेम, love
हयात : जिंदगी, life
अक्स : प्रतिबिंब, reflection
जफ़ा : अत्याचार, अन्याय, ज़ुल्म, injustice
मुख़ातिब : अभिमुख, face to face
मुख़ातिब होना : बात कहना, सम्बोधन, talking/addressing
आईना : दर्पण, mirror
जेहन : दिमाग, बुद्धि, mind, intellect
दाग : धब्बा, blot
माज़ी : अतीत, past
बे-सिर-पैर : बकवास, Senseless
अहमक : बेवकूफ, foolish
तकादा करना : दबाव या अधिकार पूर्ण पूछना या माँगना, pressurizing to fulfill a promise
क़ासिद : संदेशवाहक, डाकिया, messenger, post man
ख़त : पत्र, letter
पैगाम : सन्देश, message
तल्ख़ : कड़वा, bitter
तंज : व्यंग, ताना, taunt
जुमला : वाक्य, phrase, sentence
तंज कसना, जुमले कसना, जुमले उछालना : ताना मारना, ridicule
दाद : प्रशंसा, Praise
मलामत : फटकार, झिड़की, lashing, reprimand
मुगालता : अतिश्योक्तिपूर्ण / मिथ्या / भ्रान्त धारणा, ग़लतफ़हमी, misconception